बदायूं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को मिली कानूनी राहत ने उत्तर प्रदेश की 2027 की चुनावी राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड की राजनीति में देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि आजम खां की वापसी ऐसे समय हुई है, जब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बना लिया है। दोनों नेताओं ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। ऐसे में सपा के सामने मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एकजुट रखने की चुनौती बढ़ गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने 17 नवंबर को दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में आजम खां की सजा पर रोक संबंधी हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। साथ ही तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम को भी समान राहत दी। इसके बाद तजीन फातिमा की चुनावी सक्रियता की संभावनाएं बढ़ी हैं। हालांकि आजम और अब्दुल्ला के अन्य मुकदमों तथा सजाओं के कारण उनकी चुनावी पात्रता और सक्रियता अलग-अलग कानूनी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी। आजम को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत भी मिली है।
बदायूं में आबिद रजा की दावेदारी को मिल सकता है बल
रुहेलखंड में बदायूं ऐसा जिला है, जहां आजम खां का राजनीतिक प्रभाव और उनके समर्थकों की भूमिका सपा के टिकट वितरण को प्रभावित कर सकती है। बदायूं सदर विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री आबिद रजा प्रमुख दावेदार हैं। उन्हें आजम खां का कट्टर समर्थक माना जाता है। सात नवंबर को सांसद आदित्य यादव द्वारा एक कार्यक्रम में आबिद रजा को 2027 में विधायक बनाने की अपील ने उनकी दावेदारी को और चर्चा में ला दिया है। ऐसे में आजम खां की सक्रियता आबिद रजा के राजनीतिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बदायूं में मुस्लिम प्रतिनिधित्व को लेकर पहले से चल रही बहस भी सपा नेतृत्व के सामने चुनौती है।
बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी बदलेंगे समीकरण
बरेली में पूर्व मंत्री वीरपाल सिंह यादव जैसे पुराने संगठनात्मक नेताओं की भूमिका के साथ मुस्लिम नेतृत्व की भागीदारी और विधानसभा टिकटों का गणित महत्वपूर्ण होगा। पीलीभीत में पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू सहित मुस्लिम नेताओं की राजनीतिक सक्रियता पर नजर रहेगी। शाहजहांपुर में भी सपा को मुस्लिम मतदाताओं के साथ पिछड़े और दलित वर्ग का समीकरण साधना होगा। इन जिलों में आजम खां के समर्थक नेताओं की सक्रियता टिकट के दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।
रामपुर से निकलेगा पश्चिमी यूपी की राजनीति का संदेश
रामपुर में आजम खां का राजनीतिक कद अब भी बड़ा है। अखिलेश यादव उनसे मुलाकात कर चुके हैं, जबकि शिवपाल यादव ने भी उनके चुनाव प्रचार में उतरने की इच्छा का जिक्र किया था। अब सवाल यह है कि आजम खां 2027 में कितनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं और उनके समर्थकों को टिकट वितरण में कितनी हिस्सेदारी मिलती है। यह स्थिति केवल रामपुर नहीं, बल्कि बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, संभल और अमरोहा तक असर डाल सकती है। ओवैसी-चंद्रशेखर मोर्चे के सामने भी आजम खां की सियासी मौजूदगी मुस्लिम मतदाताओं को आकर्षित करने की चुनौती खड़ी करेगी।

























































































