बरेली। ग्राम पंचायत चनेहटा में बुधवार, 18 नवंबर को वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली एवं लोक अदालत के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर सिविल जज जया प्रदर्शनी के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में सचिव जया प्रदर्शनी ने ग्रामीणों को वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली, मध्यस्थता और लोक अदालत के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपसी बातचीत, सुलह और समझौते के माध्यम से कई विवादों का निस्तारण बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया के सरलता और सौहार्दपूर्ण तरीके से कराया जा सकता है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपने कानूनी विवादों, न्यायालयों में लंबित मुकदमों और अन्य विधिक समस्याओं से संबंधित सवाल पूछे। सचिव ने सभी सवालों के जवाब सरल भाषा में देते हुए ग्रामीणों की कानूनी शंकाओं का समाधान किया।
शिविर में आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपने समझौता योग्य मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराने की अपील की गई। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती तस्लीम बेगम, हरीश गंगवार, राकेश पटेल, डॉ. नरेंद्र, विक्की, यशदीप यादव, सानू सहित अनेक समाजसेवी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पैरालीगल वॉलंटियर्स साधना, हर्षस्वरूप गंगवार और भुवनेश कुमार यादव का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कठिनाइयों के कारण न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता से वंचित न रहे।
ग्राम पंचायत चनेहटा में ग्रामीणों को दी गई लोक अदालत और मध्यस्थता की जानकारी

7K views
























































































