बरेली। शेर अली जाफरी पर कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अलग-अलग नाम, जन्मतिथि और पते से फर्जी आधार कार्ड व पैन कार्ड बनवाने का आरोप लगा है। इस संबंध में योगेश पुत्र मुन्नालाल, रामजीत यादव, रामपाल, महेश राठौर , जफर हुसैन और दीपक कुमार ने डीआईजी एवं जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शेर अली जाफरी के नाम पर दो अलग-अलग आधार कार्ड नंबर और दो पैन कार्ड नंबर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। आरोप है कि दस्तावेजों में नाम की स्पेलिंग, पिता का नाम, जन्मतिथि और पता बदलकर सरकारी पहचान पत्र बनवाए गए। शिकायत में उनकी पत्नी के आधार कार्ड से संबंधित कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही अलग-अलग बैंक खातों, ट्रस्ट डीड और करोड़ों रुपये के कथित लेनदेन की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में खुसरो पीजी कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के संचालन, मान्यता, छात्रवृत्ति तथा डी-फार्मा पाठ्यक्रम में प्रवेश और प्रमाणपत्र जारी करने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ छात्रों को बिना निर्धारित प्रक्रिया के प्रमाणपत्र दिए गए। इसके अलावा कॉलेजों की मान्यता और शिक्षकों की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए गए हैं।
प्रार्थना पत्र में सीबीगंज थाने सहित विभिन्न थानों में दर्ज कई मुकदमों का हवाला देते हुए संबंधित दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और रजिस्ट्रियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का जवाब और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शिकायत के दौरान योगेश पुत्र मुन्नालाल, रामजीत यादव, रामपाल, महेश राठौर , जफर हुसैन , दीपक कुमार , मोहम्मद सोहिल , राजपाल , जुबैद आदि मौजूद थे ।
शेरअली जाफरी पर फर्जी आधार-पैन कार्ड बनवाने का आरोप, डीआईजी और डीएम से शिकायत की

6.4K views

























































































