बदायूं। भारत की जनगणना-2027 के तहत सोमवार से स्व-गणना अभियान शुरू हो गया। अब आमजन 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।स्व-गणना अभियान के प्रथम दिन प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने डीएम आवास पर अपने परिवार की ऑनलाइन स्व-गणना की। उन्होंने जनपदवासियों से भी निर्धारित समयावधि में अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की।इसके बाद जिलाधिकारी अवनीश राय एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने भारत की जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार के लिए संचालित प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
5,929 प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे गणना
जनपद में जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 26 चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इनमें पांच तहसील चार्ज, सात नगर पालिका परिषद और 14 नगर पंचायत शामिल हैं। जनगणना के लिए जिले में 5,929 प्रगणक और 1,003 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। इस दौरान परिवार और उसके सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी।
बेघर व्यक्तियों की भी होगी गणना
जनगणना के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बेघर व्यक्तियों की गणना चार जनवरी 2027 की सायंकाल से की जाएगी। इसके अलावा पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलेगा। इसमें निर्धारित अवधि के दौरान जन्म और मृत्यु से संबंधित विवरण संकलित कर जनगणना के आंकड़ों को अद्यतन किया जाएगा।
न दस्तावेज मांगे जाएंगे, न लिया जाएगा कोई शुल्क
जनगणना के दौरान आमजन को विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक किसी भी व्यक्ति से कोई दस्तावेज, प्रमाण पत्र अथवा अन्य कागजात नहीं मांगे जाएंगे और न ही किसी प्रकार का शुल्क लिया जाएगा। जनगणना के नाम पर किसी से ओटीपी भी नहीं मांगी जाएगी। ऐसे में लोग अपनी ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। प्रगणकों द्वारा प्राप्त सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। प्रगणकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड भी दिया जाएगा, जिसे स्कैन कर उनकी पहचान और प्रामाणिकता की पुष्टि की जा सकेगी।
एसएसपी ने सेल्फी लेकर दिया जागरूकता का संदेश
जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस कार्यालय में सेल्फी जोन बनाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सेल्फी जोन में पहुंचकर फोटोग्राफी कराई और तस्वीर साझा करते हुए आमजन को जनगणना में सहभागिता का संदेश दिया। अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और जनगणना के कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।


























































































