बदायूं। पुरानी पेंशन बहाली समेत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ 18 नवंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेगा। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित होने वाले इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक हुई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा और रणनीति तैयार की गई।संगठन के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा ने जनपद के समस्त शिक्षकों से धरना-प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शासन-प्रशासन संगठनों और शिक्षकों के बीच फूट डालने का प्रयास कर रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ किसी भी कीमत पर संगठन की एकजुटता और अखंडता से समझौता नहीं करेगा।उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ ने अपने साथियों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष किया है। पेंशनविहीन शिक्षकों के हित में लखनऊ के ईको गार्डन से लेकर नॉन-टीईटी शिक्षकों के समर्थन में दिल्ली के रामलीला मैदान तक ऐतिहासिक आंदोलन किए गए हैं। शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती से जारी रहेगी।
ये हैं शिक्षकों की प्रमुख 12 सूत्रीय मांगें
धरना-प्रदर्शन में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और एक अप्रैल 2005 से पूर्व चयनित, लेकिन बाद में कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने, शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों की एसटीएफ से जांच नहीं कराने तथा परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति करने की मांग शामिल है।
69000 शिक्षक भर्ती में नियुक्त डिग्रीधारी शिक्षकों के ब्रिज कोर्स में 50 प्रतिशत न्यूनतम अंकों की बाध्यता समाप्त करने, माध्यमिक शिक्षा परिषद की तर्ज पर 12 वर्ष की सेवा पर प्रोन्नत वेतनमान देने और अंतर्जनपदीय, अंतःजनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण शीतकालीन अवकाश में कराने की मांग भी उठाई जाएगी।
इसके साथ ही मृतक आश्रितों को योग्यता के आधार पर नियुक्ति देने, विद्यालयों में चौकीदार नियुक्त करने तथा परिषदीय शिक्षकों को द्वितीय शनिवार का अवकाश और उपार्जित अवकाश अनुमन्य करने की मांग की जाएगी।
बैठक में शिक्षक प्रतिनिधियों ने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर नकारात्मक शक्तियों को परास्त करने और 18 नवंबर को समय से बीएसए कार्यालय पहुंचकर शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। संगठन ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के हक और सम्मान की लड़ाई एकजुटता के साथ लड़ी जाएगी।


























































































