बिल्सी। बाल दिवस के अवसर पर बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को वार्षिक आयोजन ‘बाबा रेनबो मार्ट-2026’ का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। इस वर्ष मेले की थीम ‘रंगीलो गुजरात’ रखी गई, जिसके तहत विद्यालय परिसर को गुजरात की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोककला और रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ थानाध्यक्ष बिल्सी मनोज कुमार, विद्यालय चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, चेयरपर्सन कमलेश वार्ष्णेय, डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, निदेशिका साधना वार्ष्णेय, राजकुमार गुप्ता, एचओडी दीपांशु गुप्ता, रितु गुप्ता, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी रचना देशवाल एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। मेले का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। गुजराती पारंपरिक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने मनमोहक गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं विभिन्न फूड स्टॉलों पर स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ मनोरंजक खेलों और गतिविधियों का भी लोगों ने भरपूर आनंद लिया। विद्यार्थियों ने स्वयं स्टॉलों का संचालन कर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीमवर्क और प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम में आयोजित लकी ड्रॉ भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा संगीत, मनोरंजन और विभिन्न गतिविधियों ने मेले की रौनक बढ़ाई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, आर्थिक समझ, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा। विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, चेयरपर्सन कमलेश वार्ष्णेय, निदेशक अनुज वार्ष्णेय, साधना वार्ष्णेय, मैनेजिंग डायरेक्टर मेहुल वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाना भी है। प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रंगों, संस्कृति, संगीत, स्वाद और मनोरंजन से सजा ‘बाबा रेनबो मार्ट-2026’ यादगार आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।
बाबा इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से लगा ‘बाबा रेनबो मार्ट-2026’, गुजरात की संस्कृति ने मोहा मन

6.4K views

























































































