बदायूं। बाल दिवस के अवसर पर अल्फारिया हॉस्पिटल में मेडिकल सर्विस सोसाइटी (MSS) की ओर से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय चिकित्सा परिषद के सदस्य डॉ. शकील अहमद अंसारी मौजूद रहे। इस दौरान चिकित्सकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डॉ. इत्तेहाद आलम ने कहा कि 14 नवंबर का दिन देश के भविष्य यानी बच्चों को समर्पित है। इसी दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म हुआ था। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि आज के बच्चे ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत भी हैं। मुख्य अतिथि डॉ. शकील अहमद अंसारी ने बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपना कीमती समय बर्बाद करने के बजाय खेलकूद, किताबों और अच्छे संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अच्छे नंबर लाने का दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि और प्रतिभा को समझें तथा उनके सपनों को साकार करने का अवसर दें। हर बच्चा खास होता है और उसमें कोई न कोई प्रतिभा जरूर होती है। डॉ. संजीदा आलम ने कहा कि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल और सुरक्षित बनाने के लिए अच्छी शिक्षा के साथ सही मार्गदर्शन, अच्छे संस्कार और बेहतर आर्थिक योजना भी जरूरी है। वहीं डॉ. महाराज ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने की आदत डालनी चाहिए। गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए सभी टीके समय पर लगवाना जरूरी है। इसके साथ ही फाइबर युक्त भोजन और पर्याप्त पानी के सेवन से पाचन तंत्र को स्वस्थ रखा जा सकता है। प्रोबायोटिक्स का उपयोग चिकित्सकीय सलाह से करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में फरिया आलम ने कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर डॉ. विकास बघेल, सुबोध यादव, गौरव कुमार, आरिश अली, शिवम मौर्य, कंचन, हिना, जैद, शुजा, इसराइल अली, जावेद अख्तर, नौशाद, ओमप्रकाश, बच्चन अली खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा, संस्कार और स्वास्थ्य जरूरी : डॉ. शकील अंसारी

6.3K views

























































































