बदायूँ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं से संबंधित छोटी से छोटी शिकायत को भी गंभीरता से लिया जाए। पुलिस अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर ऐसी शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और उन्हें समय से न्याय मिल सके। उन्होंने कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशाखा गाइडलाइन के तहत आंतरिक परिवाद समिति का गठन कराने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता के बाद महिला आयोग की अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने महिला कल्याण से जुड़ी शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। डॉ. चौहान ने कहा कि विशाखा गाइडलाइन के प्रति महिलाओं और संबंधित संस्थानों को जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए ग्राम प्रधानों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से गांव-गांव तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी समझें। महिलाओं की समस्याओं का समाधान केवल विभागीय कार्य नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करे। इसके बाद उन्होंने महिलाओं से संवाद कर सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी और पात्र महिलाओं से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। विकास भवन स्थित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वच्छता एवं खाद्य गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इससे पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर 10 महिलाओं की गोद भराई और 10 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस अवसर पर धात्री महिलाओं को बेबी किट भी वितरित की गईं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और समुचित देखभाल पर विशेष जोर दिया।
महिलाओं की छोटी शिकायतों को भी गंभीरता से लें अधिकारी : डॉ. बबीता सिंह चौहान

6.4K views

























































































