सहसवान। दो और तीन सितंबर की रात दावत के बहाने घर बुला कर बहनोई की हत्या करने के आरोपित को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरे आरोपित को पुलिस तलाश कर रही है। बता दें कि नगर के मुहल्ला जहांगीराबाद के पास स्थित कांशीराम कालोनी निवासी दूल्हे मियां अकबराबाद चौराहे पर मोटर मैकेनिक का काम करता था। दो सितंबर की शाम मुहल्ला नवादा निवासी उसके साले हनीफ ने फोन किया और पार्टी करने की बात कही। इसके बाद दूल्हे मियां अपने साले के घर चले गए। तीन सितंबर की सुबह आरोपित हनीफ ने फोन कर मृतक के पुत्र सोहिल को बताया कि मैंने तेरे पिता की हत्या कर दी है और लाश घर में पडी है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम को भेज दिया। मृतक के पुत्र ने अपने मामा हनीफ और रफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित हनीफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाल पंकज लवानिया का कहना था कि दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।