बदायूं। दीपावली मिलन समारोह में आमतौर पर गले मिलकर गिले-शिकवे दूर किए जाते हैं, लेकिन बदायूं में उद्योगपति एवं सपा नेता हाजी रईस अहमद के दीपावली मिलन समारोह ने पार्टी के भीतर नए सियासी सवाल खड़े कर दिए। समारोह में दीपावली की मिठास तो दिखाई दी, लेकिन सपा की अंदरूनी राजनीति के कई ऐसे संकेत भी मिले, जिन्होंने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को गर्म कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह महज दीपावली मिलन था या फिर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और नए समीकरण बनाने की कवायद? रसाज समूह के निदेशक, बदायूं सदर विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी हाजी रईस अहमद के इस आयोजन में सपा के एक खास धड़े के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक ही प्रमुखता से नजर आए। पार्टी के दो अन्य प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। इतना ही नहीं, उनके करीबी और समर्थक भी समारोह में दिखाई नहीं दिए। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि बाकी नेताओं ने खुद दूरी बनाई या फिर उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया गया? हालांकि इसकी वास्तविक वजह आयोजक ही बेहतर बता सकते हैं।
जिलाध्यक्ष के नाम पर चूक या कोई सियासी संदेश?
समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में हाजी रईस अहमद ने सपा के वरिष्ठ नेता प्रेमपाल सिंह यादव को जिलाध्यक्ष कहकर संबोधित कर दिया, जबकि वर्तमान में आशीष यादव सपा के जिलाध्यक्ष हैं। संयोग देखिए कि आशीष यादव भी उस समय समारोह में मौजूद नहीं थे। हाजी रईस की जुबान फिसली या फिर इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश था, यह तो वही बता सकते हैं, लेकिन इस एक संबोधन ने पार्टी के अंदरखाने चर्चाओं को और हवा दे दी।
किसका गुणगान, किसके नाम से परहेज?
मीडिया से बातचीत में हाजी रईस अहमद ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और भाजपा छोड़कर सपा में आए पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की जमकर सराहना की। वहीं बदायूं की राजनीति में प्रभाव रखने वाले सपा सांसद आदित्य यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव का नाम तक नहीं लिया। राजनीतिक रूप से यह चुप्पी भी कम दिलचस्प नहीं रही। गौरतलब है कि पीडीए पंचायत के दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव और सांसद आदित्य यादव सार्वजनिक मंच से सदर सीट पर पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह दद्दा और पूर्व मंत्री आबिद रजा को जिताने की अपील कर चुके हैं। इसके बावजूद हाजी रईस ने पत्रकारों के सवाल पर चुनाव के समय उग आने वाले नेताओं की बातों को महत्वहीन बताते हुए स्पष्ट किया कि वह केवल अखिलेश यादव को मानते हैं और उन्हीं के निर्णय का पालन करेंगे। बेशक पार्टी में अंतिम निर्णय हाईकमान का ही होता है, लेकिन उनके इस बयान को बदायूं की सपा राजनीति में कई लोग अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।
साढ़े चार साल बाद सक्रियता, निशाने पर 2027!
हाजी रईस अहमद वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद मुंबई चले गए थे और अपने कारोबार में व्यस्त हो गए। इसके बाद उनकी बदायूं में सक्रियता सीमित ही रही। अब विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच करीब साढ़े चार साल बाद बड़े स्तर पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित कर उन्होंने अपनी राजनीतिक मौजूदगी का अहसास कराया है। जनता के बीच भी इस सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि चुनाव हारने के बाद क्षेत्र से दूरी बनाने वाले नेता अब चुनाव नजदीक आते ही फिर मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में हाजी रईस का यह आयोजन सामाजिक सौहार्द और दीपावली मिलन से आगे बढ़कर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन और सदर विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी का संकेत भी माना जा रहा है। फिलहाल इस समारोह ने बदायूं की सपा में एक दिलचस्प सवाल छोड़ दिया है—2027 में सदर सीट का चेहरा कौन होगा और पार्टी के भीतर किसकी राजनीतिक बिसात मजबूत होगी? हाजी रईस ने अपनी सक्रियता का संकेत दे दिया है, लेकिन क्या पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनके इस सियासी आगाज को उतनी ही गंभीरता से लेगा? इसका जवाब आने वाला वक्त ही देगा।


























































































