बरेली। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए सीबीगंज क्षेत्र के विधौलिया निवासी विपिन कुमार ने एसएसपी से शिकायत कर किला थाने के एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि दरोगा ने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई।
एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में विपिन कुमार ने बताया कि वह जनपद न्यायालय बरेली में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी पूनम वर्मा सरकारी सेवा में सहायक अध्यापिका हैं। आरोप है कि वह कुंवरपुर शिवपुरी स्थित विनायक अस्पताल के पास अपने परिचित से मिलने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पंजीकृत कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी बात को लेकर मोहल्ले में रहने वाले उपनिरीक्षक निखिल बालियान ने कथित तौर पर विभागीय ई-वाहन एप्लीकेशन के माध्यम से वाहन नंबर से उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर हासिल कर फोन किया।शिकायतकर्ता के मुताबिक, फोन पर दरोगा ने उनकी पत्नी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पत्नी ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर भाषा और अधिक आपत्तिजनक हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर विपिन कुमार मौके पर पहुंचे और दरोगा से बातचीत करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान दरोगा ने अपने पद का रौब दिखाते हुए उन्हें ऐसे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी, जिसमें जिंदगीभर जेल में सड़ना पड़ेगा।पीड़ित का कहना है कि उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को मौके पर बुलाया और लिखित शिकायत भी दी। इसके बाद वह किला थाने पहुंचे, जहां आरोप है कि निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, उन्हें उल्टा उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी गई।
मामले को गंभीर बताते हुए विपिन कुमार ने एसएसपी से दरोगा निखिल बालियान और निरीक्षक सुरेंद्र कुमार की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि दरोगा ने किस अधिकार और किस उद्देश्य से विभागीय एप्लीकेशन के जरिए उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। प्रार्थना पत्र में संबंधित कॉल की सीडीआर, उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग, घटनास्थल और किला थाने के सीसीटीवी फुटेज तथा डायल 112 की कार्रवाई से जुड़े अभिलेख सुरक्षित कराकर जांच कराने की मांग की गई है।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि शिकायत करने के कारण उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया जा सकता है। उन्होंने मामले की जांच किला थाने से बाहर किसी निष्पक्ष वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से कराने, अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
पत्नी का मोबाइल नंबर निकाल दरोगा ने की अभद्रता, पति को जेल भेजने की धमकी देने का आरोप

6.2K views

























































































