बरेली। विद्या भारती पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र की ओर से आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव का भव्य समापन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कांति कपूर परिसर एवं सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में हुआ। महोत्सव में विभिन्न प्रांतों से आए विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रज प्रांत ने प्रथम, मेरठ प्रांत ने द्वितीय और उत्तराखंड प्रांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सिद्धि विनायक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन एवं खत्री महासभा के अध्यक्ष अनुपम कपूर रहे। मुख्य वक्ता उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री सुनील तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी आशुतोष शर्मा रहे। श्री विद्या परिषद उत्तर प्रदेश की मंत्री नीरज शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
महोत्सव में प्रश्न मंच, अंत्याक्षरी, गीत, कथा कथन, मूर्ति कला, चित्रकला एवं स्वरचित काव्य पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य, कला और संगीत से जुड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। गीत एवं अंत्याक्षरी ने वातावरण को संगीतमय बनाया, जबकि चित्रकला और मूर्ति कला में विद्यार्थियों की रचनात्मकता देखने को मिली।
मुख्य अतिथि अनुपम कपूर ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ संस्कृति, साहित्य और भारतीय परंपराओं का ज्ञान भी जरूरी है। मुख्य वक्ता सुनील तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान है। विद्यार्थियों में संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव का भाव विकसित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम की जानकारी शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी। इस अवसर पर प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, संभाग निरीक्षक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, कार्यक्रम संयोजिका मोना शर्मा, प्रधानाचार्या अर्चना, अध्यक्षा दीप्ति रानी, सुषमा दीक्षित, सह संयोजक संजीव कुमार पांडे सहित अनेक लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। अंत में क्षेत्र शिक्षा संयोजक कमल जी ने आभार व्यक्त किया। संचालन प्रिया सक्सेना ने किया।
क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव में ब्रज प्रांत ने मारी बाजी, मेरठ द्वितीय और उत्तराखंड तृतीय स्थान पर

7K views

























































































