बदायूं। BIMT महाविद्यालय, बदायूं में नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। संगीत, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर उत्सव की रौनक बढ़ाई। ढोल-नगाड़ों और गरबा की मधुर धुनों पर विद्यार्थियों ने जमकर डांडिया खेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के निदेशक मंडल की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर निदेशक अक्षज रस्तोगी, आशीष सिंघल और विकास आहूजा विशेष रूप से मौजूद रहे। निदेशक अक्षज रस्तोगी ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ यादगार कैंपस जीवन उपलब्ध कराना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लाने के साथ उनमें उत्साह का संचार करते हैं। निदेशक आशीष सिंघल ने कहा कि डांडिया उत्सव भारतीय संस्कृति, ऊर्जा और एकता का प्रतीक है। वहीं, निदेशक विकास आहूजा ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और टीमवर्क को बढ़ावा देते हैं।
महाविद्यालय के डीन अरविंद कुमार गुप्ता ने छात्र-छात्राओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उत्सव में छात्राएं रंग-बिरंगे घाघरा-चोली और साड़ियों में नजर आईं, जबकि छात्रों ने कुर्ता-पायजामा सहित पारंपरिक परिधान पहनकर कार्यक्रम में भाग लिया।
आयोजन का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों के लिए लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल रहे। टिक्की-चाट, पाव-भाजी, गोलगप्पे, आइसक्रीम और फास्ट फूड सहित कई तरह के पकवानों का छात्र-छात्राओं ने आनंद लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का संचालन महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर सौरभ सक्सेना ने किया, जबकि मंच संचालन प्रोफेसर नीतू सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
डांडिया उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना, पढ़ाई के तनाव से राहत देकर उनमें नई ऊर्जा का संचार करना तथा प्रतिभा प्रदर्शन के लिए सांस्कृतिक मंच उपलब्ध कराना रहा। साथ ही, सामूहिक उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में एकता, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
BIMT कॉलेज में डांडिया की धुन पर जमकर थिरके छात्र-छात्राएं, रंग-बिरंगे परिधानों से सजा परिसर

6.6K views

























































































