बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने कस्बे में तीन अक्टूबर की रात चोरी हुई ईको गाड़ी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की ईको गाड़ी, दो नंबर प्लेट, एक तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकिब पुत्र जमील अहमद निवासी नारायण टोला, फकीरों की मड़ैया, थाना बहजोई, जिला संभल और मुकर्रम पुत्र मुशब्बर निवासी बियोर कासिमाबाद, थाना इस्लामनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मीरगंज के मोहल्ला मीरखां बाबर नगर निवासी रिजवान पुत्र आजाद नबी ने छह अक्टूबर को तहरीर देकर बताया था कि तीन अक्टूबर की रात उनकी ईको गाड़ी संख्या यूपी 25 सीएम 2351 चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना मीरगंज मे अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। 16/17 अक्टूबर की रात उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिरौली रोड से दियोरिया अब्दुलागंज जाने वाले रास्ते के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से चोरी की ईको गाड़ी और यूपी 16 डीटी 3026 नंबर की दूसरी प्लेट बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि आकिब के पास से तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस भी मिला।
नंबर प्लेट छिपाकर मिटाया था चेसिस नंबर पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने तीन अक्टूबर की रात मीरगंज से ईको गाड़ी चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए गाड़ी की मूल नंबर प्लेट पिछली सीट के नीचे छिपा दी और चेसिस नंबर मिटाकर फर्जी नंबर अंकित कर दिया था। आकिब ने तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखने की बात कही। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने चोरी के मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। वहीं, आकिब के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुकर्रम के खिलाफ बदायूं के इस्लामनगर थाने में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है, जबकि आकिब के खिलाफ बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल अंकुर सिरोही, अभिषेक सोम और रजत मलिक शामिल रहे।
मीरगंज में चोरी की ईको गाड़ी बरामद, संभल और बदायूं के दो आरोपी गिरफ्तार

7K views

























































































