बरेली। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद, बरेली के जिलाध्यक्ष हरि शंकर ने 19 अक्टूबर को महानवमी के पावन अवसर पर जनपद बरेली में अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी महोदय को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजा है। उन्होंने जिला प्रशासन से जनभावनाओं और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए इस दिन अवकाश घोषित करने के संबंध में उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया है। हरि शंकर ने कहा कि महानवमी सनातन धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। इस दिन श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, कन्या पूजन, हवन तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। यह पर्व भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर अवकाश मिलने से कर्मचारियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को अपने परिवार के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त होगा। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष हरि शंकर ने जिलाधिकारी से अपील की है कि कर्मचारियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों की धार्मिक भावनाओं और जनहित को दृष्टिगत रखते हुए 19 अक्टूबर को महा नवमी के अवसर पर जनपद बरेली में अवकाश घोषित करने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए।