बरेली। बहेड़ी स्थित केसर इंटर कॉलेज में विश्व विद्यार्थी दिवस के अवसर पर भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित समारोह में छात्रा निधि को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया। उन्होंने विद्यालय की जिम्मेदारी संभालते हुए विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का प्रयास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों द्वारा डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्य एवं आंचलिक विज्ञान समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि डॉ. कलाम ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उन्हें अनुसंधान के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जीवन आदर्श युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को उनके विचारों को जीवन में अपनाना चाहिए। चीफ प्रॉक्टर एवं उपप्रधानाचार्य चंद्रभानु सिंह ने कहा कि डॉ. कलाम ने मिसाइल तकनीक, नाभिकीय परीक्षण और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर देश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। प्रधानाध्यापिका सुनीता ने उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए और बताया कि वे आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
इस अवसर पर एलसीडी स्मार्ट बोर्ड का पूजन कर शुभारंभ किया गया। छात्राओं शीबा अल्वी, चंद्रा, संजना, निशा, खुशी, खुशबू, वंशिका, शबे नूर, कोमल, सानया, निधि और काजल ने शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं में अध्यापन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। केसर इको क्लब की ओर से ‘एक पौधा कलाम के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परीक्षा प्रभारी शिक्षक ओमकार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता के मंत्र बताए। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी को विज्ञान संकल्प दिलाया। आयोजन में शिक्षकों सुधा पांडेय, संजीव रावत, गीतांजलि, रेनू वाला, आकांक्षा जौहरी, सत्यवीर, सुरेश, संजीव, ओमकार, जेपी वर्मा, सुरेंद्र, जितेंद्र सिंह, विमल कुमार, सोनू, सुभाष और प्रमोद कुमार सहित अन्य का सहयोग रहा।
विश्व विद्यार्थी दिवस पर छात्रा निधि बनीं प्रधानाचार्य, संभाली विद्यालय की कमान

6.5K views

























































































