बरेली। उत्तर प्रदेश में धान क्रय केंद्र समय पर शुरू नहीं होने से किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। सरकारी खरीद ठप होने के कारण किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं, जबकि निजी व्यापारी किसानों की मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। किसान एकता संघ ने इसे किसानों के आर्थिक शोषण का गंभीर मामला बताते हुए सरकार से तत्काल धान खरीद शुरू कराने की मांग की है।
किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसान एकता संघ शुक्रवार को उप जिलाधिकारी सदर, बरेली के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित कर प्रदेशभर में धान क्रय केंद्र तत्काल शुरू कराने की मांग करेगा। डॉ. रवि नागर ने कहा कि “जब हर वर्ष एक अक्टूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू हो जाती थी, तो इस बार किसानों को इंतजार क्यों कराया जा रहा है? क्रय केंद्र बंद रहने का खामियाजा आखिर किसान ही क्यों भुगते? सरकार की इस देरी का सीधा फायदा निजी व्यापारियों को मिल रहा है।” उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल को कई दिनों तक रोककर रखने की स्थिति में नहीं है। खेती की लागत, घरेलू जरूरतों और अन्य आर्थिक जिम्मेदारियों के चलते उसे अपनी उपज बेचनी पड़ती है। ऐसे में सरकारी खरीद की व्यवस्था उपलब्ध न होना किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर धान बेचने की ओर धकेलता है। सरकार को किसानों की इस पीड़ा को समझते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। डॉ. नागर ने मांग की कि पूरे उत्तर प्रदेश में धान क्रय केंद्र शीघ्र शुरू किए जाएं, निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित हो तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र धान खरीद शुरू नहीं कराई, तो किसान एकता संघ किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशव्यापी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष बोहरनलाल गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, मंडल महासचिव डॉ अंशु भारती, जिला प्रभारी महकम सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष कैप्टन ओंकार सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय पुजारी,जिला प्रवक्ता सुरेंद्र तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक, घनश्याम गुर्जर धनपाल मौर्य, सरजू प्रसाद, राकेश सिंह, प्रशांत गुप्ता, दीपक, सरजू प्रसाद, विकास गुर्जर, हिमांशु पंडित, सुनील सिंह, इकरार खां,अरविंद गुर्जर, हरिशंकर शर्मा, नरेश सिंह, प्रेमपाल गंगवार, शहादत खान, आदि बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
धान क्रय केंद्र शुरू न होने पर भड़का किसान एकता संघ, डॉ. रवि नागर बोले किसानों को लुटने के लिए छोड़ रही सरकार!

6.8K views

























































































