बरेली। श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के चेयरमैन देव मूर्ति, ट्रस्ट एडवाइजर इंजीनियर सुभाष मेहरा, प्राचार्य प्रो. प्रभाकर गुप्ता, ट्रेनिंग, डेवलपमेंट एंड प्लेसमेंट के डायरेक्टर डॉ. अनुज कुमार, उप प्राचार्य डॉ. रितु सिंह, डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. अमित कुमार शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. सत्य देव और दीपाली गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और संस्थान गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, अभिनय और स्वरचित कविता पाठ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर प्रत्येक विभाग से मिस फ्रेशर और मिस्टर फ्रेशर का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को ताज पहनाकर सम्मानित किया गया। विभागाध्यक्षों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फ्रेशर्स पार्टी के दौरान आयोजित स्वागत भोज में विद्यार्थियों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने नवागंतुक विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता रही।
एसआरएमएस में फ्रेशर्स पार्टी की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने मोहा मन

6.3K views

























































































