बदायूँ। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बदायूँ में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए आयोजित समर्थ मॉड्यूल आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम चरण का विधिवत समापन हुआ। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से आए प्रधानाध्यापकों को विद्यालय प्रबंधन, कुशल नेतृत्व, संसाधनों के उपयोग और मानसिक स्वास्थ्य सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया।
समापन अवसर पर डायट प्राचार्य राकेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को विद्यालयों में लागू कर शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाएं। प्रधानाध्यापक अपने नेतृत्व कौशल से विद्यालय का वातावरण बच्चों के अनुकूल बनाएं तथा अभिलेखों और पत्रावलियों को व्यवस्थित रखें। उन्होंने कहा कि कुशल नेतृत्वकर्ता की तरह सभी सहयोगी शिक्षकों को साथ लेकर निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कार्य करें। साथ ही तनावमुक्त रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण नोडल डॉ. अमिता सिंह ने कहा कि समर्थ मॉड्यूल आधारित प्रशिक्षण से विद्यालयों के समग्र प्रबंधन में सुधार आएगा। प्रधानाध्यापक योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक परिणाम हासिल कर सकेंगे। प्रशिक्षण प्रभारी ने भी प्रधानाध्यापक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय के विकास की योजना तैयार करने से लेकर उसके क्रियान्वयन तक शिक्षकों और समुदाय की सहभागिता आवश्यक है। विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न सत्रों में प्रधानाध्यापक की भूमिका, संसाधन प्रबंधन, अंतर-विभागीय समन्वय, मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलबीइंग, सामुदायिक सहभागिता, विद्यालय उन्नयन, वित्तीय प्रबंधन और कुशल नेतृत्वकर्ता के गुणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा प्रारंभिक हस्तक्षेप, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, प्रबंधन और जागरूकता जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण सत्रों में संदर्भदाता प्रभात कुमार, राजवीर सिंह, प्रभाकर सक्सेना, अनुज सक्सेना, फरहत हुसैन, अम्बिका सिंह, राजीव जौहरी और अजीत रस्तोगी ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान एवं गतिविधियों के माध्यम से जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और प्री-टेस्ट से हुई, जबकि अंतिम सत्र में पोस्ट-टेस्ट आयोजित किया गया। इसके बाद सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रशिक्षण का समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक संजीव कुमार सक्सेना, सुभाष चन्द्र, गीता, कल्पना शर्मा, धर्मपाल, नदीम अहमद खान सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
समर्थ मॉड्यूल आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण का अंतिम चरण हुआ, प्रधानाध्यापकों को वितरित किए प्रमाण पत्र

6.5K views

























































































