बदायूं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस मनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्राइवेट बस स्टैंड से जुलूस के रूप में पुलिस लाइन की ओर बढ़े। पुलिस लाइन चौराहे पर पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वहीं सभा कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्ना लाल सागर ने की। मुख्य वक्ता पूर्व प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करने के लिए शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें रोका गया। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के साथ कथित बल प्रयोग की कड़ी निंदा की।
मुन्ना लाल सागर ने कहा कि विपक्ष के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कार्यक्रम के आयोजक जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह राठौर, निवर्तमान प्रदेश सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य रजनी सिंह तथा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष और सहसवान विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजवीर सिंह ने भी विचार रखे।
वक्ताओं ने चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती की मांग की। संचालन अशोक कश्यप ने किया। इस दौरान इखलास हुसैन, बाबू चौधरी, साजिद अली, दिग्विजय सिंह, पप्पू फारूकी, ओमप्रकाश प्रजापति, अजय, धर्मेंद्र सिंह, प्रशांत कुमार, लुकमान, अकील अहमद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बदायूँ में कांग्रेस ने काला दिवस मनाया,विरोध मार्च निकाला,पुलिस ने रोका, नोंकझोंक हुई

9K views

























































































