बरेली। श्री गुलाबराय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड ब्रांच में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर जूनियर और सीनियर विंग में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जूनियर विंग की प्रार्थना सभा में प्री-नर्सरी से कक्षा तीन तक के बच्चों ने लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के प्रति अपने भाव व्यक्त किए। सीनियर विंग में प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत और समन्वयक डॉ. विनीता सक्सेना ने गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिक्षकों ने समवेत स्वर में ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ और ‘सीताराम’ की मधुर प्रस्तुति दी। कक्षा सात की नित्या गोयल ने अंग्रेजी और कक्षा आठ की आराध्या दुबे ने हिंदी में दोनों महापुरुषों के विचारों को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के दल ने रामधुन प्रस्तुत की। शिक्षिका स्मिता रुपेनवार ने गांधी जी पर केंद्रित अंग्रेजी कविता सुनाई। प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों की विचारधारा को केवल स्मरण करने के बजाय उसे मन से आत्मसात कर जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक रजनीश त्रिवेदी ने किया।