बरेली। लगातार हुई बारिश से क्षतिग्रस्त हुई बरेली जिले की सड़कों को नवरात्र से पहले दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत का काम तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने 10 अक्टूबर तक प्रमुख मार्गों और संपर्क सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर सड़कों की सतह खराब होने के साथ गड्ढे भी बन गए हैं। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने अब इन स्थानों को चिन्हित कर मरम्मत कार्य कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ सड़क व्यवस्था को लेकर समीक्षा की। इसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और जिला पंचायत समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी शामिल रहे। एनएचएआई की टीम के साथ हुई समीक्षा में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
प्रशासन के अनुसार शहर में पीलीभीत-नवाबगंज मार्ग, बरेली-भमोरा-बदायूं मार्ग सहित अन्य प्रमुख एवं संपर्क मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार पैचवर्क और गड्ढों की मरम्मत कराई जाएगी। जिन स्थानों पर सड़क की ऊपरी सतह अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां जरूरी सुधार कार्य भी कराया जाएगा। तेज बारिश के चलते कुछ सड़कों की स्थिति खराब हो गई। प्रशासन ने अब त्योहारी सीजन को देखते हुए सड़क सुधार कार्य को प्राथमिकता में रखा है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए और सड़क मरम्मत के काम में लापरवाही न हो। संबंधित विभागों ने 10 अक्टूबर से पहले काम पूरा करने का भरोसा दिया है। प्रशासन का कहना है कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
नवरात्र से पहले बरेली की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, 10 अक्टूबर तक मरम्मत का लक्ष्य

6.9K views

























































































