बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के विशारतगंज कस्बे के बार्ड नम्बर 4 में बुधवार सुबह नहाते समय करंट की चपेट में आने से सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार बिशारतगंज के वार्ड नंबर चार निवासी 35 वर्षीय नवल किशोर पुत्र पूरन लाल सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य थे और राकेश साहू के मकान में किराये पर रहते थे। बुधवार सुबह वह मकान में नहा रहे थे। इसी दौरान नल में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से उनकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि राकेश साहू के मकान में लगी स्ट्रीट लाइट का तार मकान की सरियों से बंधा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से करंट नल तक पहुंचा और नवल किशोर हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।