बदायूँ। विकास क्षेत्र सालारपुर के संविलियत विद्यालय सादुल्लापुर भितारा में गुरुवार को विद्यालयों की लोकप्रिय एनिमेटेड कैरेक्टर मीना का जन्मदिन धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में मीना मंच की सुगमकर्ता श्रीमती मंजू सिंह के नेतृत्व में मीना मंच से जुड़े बच्चों ने विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया तथा रंगोली बनाकर कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया। इसके बाद बच्चों ने सामूहिक रूप से केक काटकर मीना को जन्मदिन की बधाई दी।विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ने बच्चों को मीना के चरित्र और उसके उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मीना एक साहसी, खुशमिजाज और सवाल पूछने वाली नौ वर्षीय बच्ची के रूप में बच्चों के बीच लोकप्रिय है। वह शिक्षा, स्वास्थ्य और समानता के लिए आवाज उठाती है। मीना मंच के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जीवन कौशल विकसित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि मीना के साथ उसका छोटा भाई राजू और उसका समझदार पालतू तोता ‘मिट्ठू’ भी होते हैं, जो बच्चों को विभिन्न परिस्थितियों में सीख और प्रेरणा देते हैं।सहायक अध्यापक रिंकी हरवंश ने बताया कि मीना मंच विद्यालयों में गठित छात्र-छात्राओं का समूह है। प्रारंभ में मीना मंच का प्रावधान उच्च प्राथमिक विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में किया गया था, जबकि वर्ष 2019 से प्राथमिक विद्यालयों में भी मीना मंच का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मीना मंच के माध्यम से बच्चों को समाज में फैले अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया जाता है तथा बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा के लिए उन्हें जागरूक एवं संकल्पबद्ध किया जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाली मीना सभा में विभिन्न विषयों पर चर्चा और विचार-विमर्श किया जाता है। इसमें वाद-विवाद, चित्रकला, गीत, कहानी और सृजनात्मक लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी बात रखने और रचनात्मक प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलता है। मीना मंच के अंतर्गत बालिका शिक्षा के महत्व, सामाजिक कुरीतियों को रोकने के उपाय, किशोरावस्था संबंधी समस्याओं, स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता सहित विभिन्न विषयों पर बच्चों से संवाद किया जाता है।
इसके साथ ही विद्यालय छोड़ चुकी बालिकाओं को पुनः विद्यालय में नामांकन के लिए प्रेरित करने तथा बालिकाओं की शिक्षा में रुचि नहीं लेने वाले अभिभावकों को समझाने जैसे प्रयास भी मीना मंच के माध्यम से किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को केक एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। मीना का जन्मदिन मनाकर बच्चे काफी उत्साहित और आनंदित नजर आए।
इस अवसर पर जयवीर सिंह, अंजली श्रीवास्तव, कुसुम, रुचि शर्मा, आर्येंद्र सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं मीना मंच के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मीना मंच के बच्चों ने धूमधाम से मनाया मीना का जन्मदिन, शिक्षा, स्वास्थ्य और समानता का दिया संदेश

7.2K views

























































































