बरेली। लाल फाटक स्थित शांतिकुंज पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के समग्र विकास और उनमें भारतीय संस्कृति, दर्शन एवं जीवन मूल्यों के समावेश के उद्देश्य से चार दिवसीय रासलीला का आयोजन किया जा रहा है। श्री सर्वेश्वर रासलीला मंडल, श्री वृंदावन धाम के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रासलीला के माध्यम से छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं ब्रज की लोक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखना तथा उन्हें ब्रज की लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य कलाओं की गहरी समझ प्रदान करना है।
रासलीला के प्रथम दिन भगवान के प्रकटीकरण की लीला का ब्रज के कलाकारों द्वारा अत्यंत मनोहारी एवं मार्मिक मंचन किया गया। मंचन के दौरान विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ रासलीला का आनंद लिया।
विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि रासलीला भारतीय संस्कृति, दर्शन और जीवन मूल्यों का अद्भुत संगम है। इसका आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक एवं आध्यात्मिक गुणों के विकास तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने के उद्देश्य से किया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं विद्यार्थियों को ईश्वर के प्रति निस्वार्थ प्रेम, समर्पण और भक्ति की प्रेरणा देती हैं। साथ ही वे अहंकार को कम कर विनम्रता, प्रेम और सद्भाव की भावना विकसित करने का संदेश देती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य राधिका चंद ने श्री वृंदावन धाम से पधारे कलाकारों का आभार व्यक्त किया और उनके द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की।
आयोजन को सफल बनाने में रेनू यादव, जानकी बिष्ट, बबिता, प्राची त्यागी, पुष्पांजलि, प्रियंका यादव, शिवांगी सक्सेना, देवदत्त गंगवार, साक्षी गोस्वामी, दीक्षा साख्यधर, रंजीत गोस्वामी, आरती चौहान, इशिका, अवधेश सिंह, श्रेया सिंह, केतकी शर्मा, लता वर्मा, अजय कुमार, सौम्य शर्मा, रघुवीर, गुरूबख्श सिंह, विवेक, सनी पटेल, भगवान दास, आकाश एवं द्रोणकांत आदि का विशेष योगदान रहा।
रासलीला भारतीय संस्कृति, दर्शन और जीवन मूल्यों का अद्भुत संगम है : सुनील कुमार शर्मा


























































































