बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी उमंग मिश्रा उर्फ आशुतोष मिश्रा (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को पीड़िता ने थाना प्रेमनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में स्कॉर्पियो की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उसने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के साथ अपने जेठ उमंग मिश्रा पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप भी लगाया था। इस शिकायत पर थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने 1 सितंबर की रात आरोपी के संभावित ठिकाने पर दबिश दी। आरोपी अपने घर के बाहर गली में मिला, जहां से उसे रात करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि पीड़िता उसके छोटे भाई की पत्नी है और पारिवारिक विवाद के चलते उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।