खेलो इंडिया संवाद में गूंजा ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का संदेश
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के एमबीए सभागार में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं एवं खिलाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।कार्यक्रम का आयोजन माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह के दिशा-निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर विनय ने की तथा संचालन अजय राज शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत की युवा शक्ति देश को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
प्रधानमंत्री ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व और भारत की गौरवशाली खेल विरासत पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को केवल चैंपियन बनना नहीं सिखाता, बल्कि बेहतर प्रतिस्पर्धी बनने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है।प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत स्थानीय स्तर पर खेल अवसंरचना एवं भारत के खेल विजन विषय पर खुली परिचर्चा आयोजित की गई। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं यूथ आइकॉन विश्वास शर्मा ने युवाओं के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए तथा उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, बरेली लोकसभा सांसद छत्रपाल गंगवार, मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा एवं यूथ आइकॉन विश्वास शर्मा ने युवाओं को संबोधित किया।केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा भारत को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बरेली लोकसभा सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और व्यापक मंच मिला है। आज गांवों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
मीरगंज विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ एवं अनुशासित युवा ही मजबूत समाज और विकसित भारत की नींव तैयार कर सकते हैं।
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा युवा संवाद एवं ओपन इंटरेक्शन रहा। इसमें युवाओं ने खेल, युवा नेतृत्व, कौशल विकास, स्वयंसेवा तथा विकसित भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।
माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक युवाओं से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माय भारत युवाओं को विभिन्न गतिविधियों, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी मंच है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व, विकसित भारत और स्वयंसेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। युवाओं ने इन विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. रविंद्र सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं यूथ आइकॉन विश्वास शर्मा, समाजसेवी भूपेंद्र सिंह सहित माय भारत एवं एनएसएस के स्वयंसेवक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
















































































