बदायूं। अग्रवाल महिला समिति के तत्वावधान में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली और तीज के उल्लास से सजे इस आयोजन में समिति की महिलाओं ने उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण हंसी-खुशी और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।कार्यक्रम की मेजबानी शिवानी बंसल और गुंजन बंसल ने की। उन्होंने आयोजन में पहुंचीं सभी सखियों का तिलक लगाकर प्रेमपूर्वक एवं सम्मान के साथ स्वागत किया। स्वागत के बाद मनोरंजक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। सरप्राइज गेम्स, एक मिनट गेम, फौजी डांस, गीत-संगीत सहित विभिन्न गतिविधियों ने सभी का खूब मनोरंजन किया। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ इन कार्यक्रमों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीज महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक पर्व की खुशियों को आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ साझा किया। कार्यक्रम के दौरान सखियों ने एक-दूसरे के साथ संवाद किया और यादगार पलों को संजोया। स्नैक्स, स्वादिष्ट घेवर और आइसक्रीम का भी सभी ने आनंद लिया। हंसी-ठिठोली और मनोरंजक गतिविधियों के बीच कार्यक्रम का माहौल लगातार उल्लासपूर्ण बना रहा। आयोजन के अंत में उपस्थित सभी बहनों को स्नेहपूर्वक उपहार स्वरूप घेवर और मेहंदी भेंट की गई। उपहार पाकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने कहा कि तीज जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही आपसी प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर मिल-बैठने और खुशियां साझा करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में मधु अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल, राधा गोयल, रेनू, सुनीता, राम अनुभव, नीलम, सिम्मी, अनीता, मधु, रितिका, रति, छाया और सूची सहित समिति की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे यादगार और आनंदमय बताया।