बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 26 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब वोडका बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार थाना सिरौली पुलिस चौकी क्षेत्र बड़ागांव में गश्त और शांति व्यवस्था की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बड़ागांव शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीन उर्फ मन्दीप गुप्ता पुत्र राकेश, निवासी कस्बा व थाना अलीगंज, जनपद बरेली, उम्र 22 वर्ष बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 26 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब (वोडका) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को शाम करीब 7:35 बजे हिरासत में लिया।इस मामले में थाना सिरौली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब कम दाम में खरीदकर अधिक कीमत पर बेचता था और इससे प्राप्त धन से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक मनोज कुमार, निरीक्षक गजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल मनोज कुमार थाना सिरौली शामिल रहे।