उझानी। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज, उझानी में देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुजाता सक्सेना द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी शिक्षिकाओं, शिक्षकगण एवं छात्राओं ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त की।इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य एवं विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया तथा देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती सुदर्शना भाटिया, कुमारी दीक्षा छावड़ा, श्रीमती विजय शर्मा, श्रीमती प्रीति शर्मा, कुमारी तनिषा गुप्ता, जोया अंसारी, इल्मा, अल्शिफा, रूबी पाल एवं कल्पना पाल सहित कोच इकबाल अहमद उपस्थित रहे।प्रधानाचार्या सुजाता सक्सेना ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं से देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सदैव सर्वोपरि रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में पूरे दिन स्वतंत्रता दिवस की खुशियों और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।