अलापुर संविलियन विद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस,विभिन्न कार्यक्रम हुए
बदायूँ। आलापुर प्राचीन संविलियन विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बालक-बालिकाओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुआ। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव एवं इकाई अध्यक्ष राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। प्रभात फेरी नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई विद्यालय परिसर में पहुंची।इसके बाद विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। कक्षा एक एवं दो के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं कक्षा तीन, चार एवं पांच के बच्चों ने वृहद नाटक का मंचन कर जीवन के विभिन्न यथार्थ पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जूनियर कक्षाओं के बच्चों ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में जोश भर दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर गत माह एवं अगस्त माह में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र, शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित करने के साथ उपहार स्वरूप कॉपी और पेंसिल भी वितरित की गईं।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ इकाई म्याऊं के अध्यक्ष राजेश कुमार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय आना चाहिए। वर्तमान में सरकार की ओर से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ विद्यालय के बच्चों को मिल रहा है और विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।प्रधानाध्यापक उदयवीर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह कार्यक्रम बच्चों की मेहनत और शिक्षक-शिक्षिकाओं की उत्कृष्ट लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज विद्यालय किसी भी कसौटी पर निजी विद्यालयों से कम नहीं है। विद्यालय में एलबीटी की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। सभी कक्षा-कक्षों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था है। इनवर्टर के माध्यम से पंखे और लाइट की सुविधा उपलब्ध है। विद्यालय में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण कार्य कराया जाता है, जिससे बच्चों में अनुशासन की भावना विकसित हो रही है।कार्यक्रम में पार्षद हेमंत कुमार, सुनील गुप्ता, अशोक शर्मा, अत्ताउल्लाह खान, मीनाक्षी, जगदीश, राजेश, पूजा देवी, नीलम यादव, फरहत, उम्मे सलमा, अब्दुल समद, दिनेश पाल, शंकर लाल, गुलफाम, अर्चना शर्मा, किरण शर्मा, कल्पना, राकेश कुमार, अरिन्द्र सिंह सहित शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभात कुमार ने किया।
















































































