स्वतंत्रता की कीमत समझकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें : धर्मपाल सिंह
बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व उन्होंने ध्वजारोहण कर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम समेत जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और महत्वपूर्ण पर्व है। आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने और परिवार के हितों की चिंता किए बिना संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की बड़ी कीमत चुकाने के बाद देश को आजादी मिली है। अशफाक उल्ला खां के बलिदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।मंत्री ने कहा कि बच्चों और युवाओं को अमर्यादित भाषा के प्रयोग से बचना चाहिए। शिक्षक विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और उन्हें संस्कारवान नागरिक बनाने का प्रयास करें।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को सभी के सहयोग से साकार किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और सामान्य जीवन में अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि आजादी के लिए असंख्य लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमें अपनी संस्कृति और सभ्यता की ओर लौटना होगा। उन्होंने भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद को अपनाने की अपील की।छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रमकार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति कार्यक्रम और साहू राम स्वरूप इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। महावीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज एवं कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। मंत्री एवं अधिकारियों ने प्रतिभागी छात्राओं को सम्मानित किया।इस अवसर पर नवनियुक्त चिकित्सा अधिकारियों डॉ. मोहम्मद फैजान, डॉ. मंजू शुक्ला, डॉ. अभिषेक कोहली, डॉ. सलमान अहमद, डॉ. रवि गौतम, डॉ. अंजुम रशीद फारूकी, डॉ. प्रणय शंखधर, डॉ. कुणाल जौहरी, डॉ. शोभित सिंह, डॉ. सुधांशु कुमार सिंह, डॉ. अजय अग्रवाल, डॉ. उन्नति प्रकाश और डॉ. प्रवीण कुमार सिंह को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव ने किया।
















































































