जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट प्रांगण में किया ध्वजारोहण
बरेली । जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ राष्ट्रगान गाया गया।जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिवार की ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस गौरव और उल्लास का पर्व है। यह अवसर उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, बलिदानियों और राष्ट्रभक्तों को श्रद्धासुमन अर्पित करने का है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अनगिनत यातनाएं सहीं और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश की शक्ति युवा और बच्चे हैं, सभी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। भारत आज सूर्य से लेकर सेटेलाइट तक निर्माण की क्षमता रखते हुए आर्थिक शक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि अनजाने में भी ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे किसी की भावनाएँ आहत हों। भाषावाद, क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर केवल राष्ट्रवाद को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्य करने से पहले देशहित को ध्यान में रखना चाहिए। अतः ऐसा कोई कार्य ना करें कि देश की मान-मर्यादा पर आंच आए तथा हमें अपनी संस्कृति, सभ्यता और मूल्यों को याद रखना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आज समाज में ऐसी-ऐसी समस्याएं देखने को मिलती है जिससे समाज में आ रहे नकारात्मक प्रभावो का पता चलता है, बुजुर्ग माँ-बाप आकर बताते है कि हमारे बच्चों हमें घर से निकाल दिया है जबकि हमारी संस्कृति में कहा जाता है कि जिसने माता-पिता की परिक्रमा कर ली उसने सारे तीर्थ कर लिये। उन्होेंने कहा कि हमारी संस्कृति को बचा कर रखें और हमारी संस्कृति हमें यह नहीं सिखाती की बड़े बुजुर्गो का अनादर करें ।उन्होंने कहा कि देश के 150 करोड़ नागरिकों की जिम्मेदारी है कि मा0 प्रधानमंत्री जी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद से बड़ा कोई वाद नहीं है और प्रत्येक नागरिक को देश की मान-मर्यादा की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अनिल साहनी, प्रीति अरोड़ा, राशि आनंद, नवाब लियाकत अली, मुस्तफा अली खान, शगुफता खान, अजय भारत, मिथलेश ठाकुर, डॉ जानसन सरन, शालिनी सक्सेना, असद मसूद, किरन आजाद, उर्मिला असद, विमल जौहरी, जयपाल व शालिनी मिश्रा को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर द्रौपदी कन्या इंटर कालेज की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने द्रौपदी कन्या इण्टर कालेज की छात्राओं- अंकिता जौहरी, सौम्या कसौधन, इशिका कश्यप, मानवी, कामिनी, जैशी, जुबिया, नव्या रस्तोगी व यशिका अग्रवाल तथा शिक्षकाओं में श्रुति प्रज्ञानन व श्राबोनी भट्टाचार्य एवं कर्मचारी देवेन्द्र कुमार को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एसआई अभियोजन ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी अमित कुमार व कुसुम, होमगार्ड संदीप मिश्रा व धीरेन्द्र पाल सिंह को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व श्री संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारीगण व बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे।
















































































