देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा बदायूँ क्लब, पूर्व सैनिकों के सम्मान से बढ़ा समारोह का गौरव
बदायूँ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बदायूँ क्लब में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत संगीतमय कार्यक्रम “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” का आयोजन किया गया। गीत और संगीत के माध्यम से नगर के कलाकारों ने देशभक्ति की विभिन्न प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह के गौरव को और बढ़ा दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिला संयोजक मानद कैप्टन मुनीष कुमार पाराशर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर बदायूँ क्लब के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी भूतपूर्व सैनिकों को तिरंगा पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिकों के सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में क्लब सदस्य विशाल शर्मा ने “आपस में प्रेम करो देश प्रेमियों” गीत प्रस्तुत कर आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने “हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता डॉ. उर्मिलेश द्वारा रचित गीत “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण ऊंचाई प्रदान की।
प्रशांत दीक्षित ने “ऐसा देश है मेरा” गीत प्रस्तुत किया, जबकि मंजित खन्ना ने देशभक्ति गीतों का शानदार मैशअप प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। सपना शर्मा ने भावपूर्ण गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा याद करो कुर्बानी” प्रस्तुत कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों की याद दिलाई। उज्ज्वल वशिष्ठ ने भी देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। इसके अलावा विक्रम कठेरिया, कियारा शर्मा, अजय कुमार सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया।गीत-संगीत की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा क्लब परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।इस अवसर पर क्लब के सदस्य डॉ. राम बहादुर व्यथित, दीपक सक्सेना, नरेश चन्द्र शंखधार, सुमित मिश्रा, डॉ. संजीव गुप्ता, राहुल चौबे, विष्णु उपाध्याय, सुशील शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया। अंत में क्लब सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने सभी अतिथियों, कलाकारों, पूर्व सैनिकों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।















































































