बाबा इंटरनेशनल स्कूल में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति के रंग में रंगा मंच,भारत माता के जयकारे गूंजे
बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा P.G. से K.G. तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महान नेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय नायकों, भारतीय सैनिकों, देशभक्त पात्रों एवं राष्ट्रीय प्रतीकों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया।रंग-बिरंगी एवं आकर्षक वेशभूषा में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति की भावना को जीवंत कर दिया। किसी विद्यार्थी ने स्वतंत्रता सेनानी का रूप धारण किया तो किसी ने महान राष्ट्रीय नेता एवं वीर सैनिक के रूप में सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने-अपने पात्रों के बारे में कुछ पंक्तियाँ प्रस्तुत कर उनके योगदान एवं देशभक्ति की भावना को व्यक्त किया। नन्हे बच्चों के आत्मविश्वास, संवाद प्रस्तुति और मनमोहक अंदाज ने सभी का दिल जीत लिया। प्रत्येक प्रस्तुति में देशप्रेम, साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम, महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के बारे में जानने और समझने का अवसर मिलेगा |प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, आत्मविश्वास एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की तथा अभिभावकों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भारत के गौरवशाली इतिहास और देश के प्रति अपने कर्तव्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं |
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा |















































































