बदायूं। कैपिटल पब्लिक स्कूल में हरियाली तीज उत्सव बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों और शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लास और उमंग का माहौल रहा।कार्यक्रम के अंतर्गत मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने हाथों पर आकर्षक और सुंदर मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, तीज उत्सव के अवसर पर शिक्षिकाओं ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गायन और वादन की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इसके साथ ही भगवान शिव से जुड़े पौराणिक प्रसंगों पर आधारित प्रश्न भी पूछे गए, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनू सिंह ने हरियाली तीज के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कई जन्मों तक कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उनकी मनोकामना पूरी की। सावन शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को भगवान शिव द्वारा माता पार्वती की तपस्या स्वीकार किए जाने की मान्यता के कारण हर वर्ष इस दिन हरियाली तीज का पावन पर्व मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज प्रकृति के सौंदर्य, प्रेम और उल्लास का पर्व है, जिसे महिलाएं पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाती हैं। उन्होंने सभी को तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम का संचालन दीक्षा यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अमित जौहरी, पूनम यादव, रूपा सक्सेना, दीक्षा यादव, वंदना, शीतेश गुप्ता, सृष्टि शर्मा, दिव्या सिंह, प्रियंका भटनागर, कुमकुम आदि का सराहनीय योगदान रहा।