बरेली। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केसीएमटी में लिटरेरी कमेटी एवं लिटरेचर क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘भारत @ 2047 : आज के युवाओं का विजन’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के करीब 36 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 के भारत की परिकल्पना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। भाषणों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी विकास, नवाचार, आत्मनिर्भरता, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व और युवा नेतृत्व जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतिभा, ज्ञान, रचनात्मकता और मेहनत के बल पर युवा भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम इंचार्ज मुकुल गुप्ता ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करती हैं। सह-इंचार्ज डॉ. शिव स्वरूप शर्मा ने कहा कि आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। मंच संचालन डॉ. सविता सक्सेना ने किया। अंत में श्रीमती अनु सुनोरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिया ओली, डॉ. मोनिका सक्सेना, अंकुर भारद्वाज, शुभांशु डालाकोटी, ख्याति पंचोली एवं रितेश गुप्ता सहित शिक्षकों का सहयोग रहा।