बदायूँ। श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में हरियाली तीज का उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को हरियाली तीज पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। अध्यापिकाओं ने बताया कि हरियाली तीज सावन माह में मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व है, जिसमें भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना की जाती है। इस अवसर पर महिलाएं एवं बालिकाएं हरे रंग की चूड़ियां पहनती हैं और हाथों में मेहंदी रचाती हैं।विद्यालय में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विशेष रूप से तीज उत्सव का आयोजन किया गया। अध्यापिकाओं ने बच्चों की नन्ही-नन्ही हथेलियों पर आकर्षक मेहंदी के डिजाइन बनाए तथा बच्चियों को रंग-बिरंगी चूड़ियां पहनाकर उन्हें पर्व की खुशियों से जोड़ा। नन्ही बच्चियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। अध्यापिकाओं ने बच्चों को हरियाली तीज की परंपराओं और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती सुषमा कथूरिया ने बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक तीज पर्व मनाया और सभी को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य दिव्या जी ने भी बच्चों को हरियाली तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।