कलेक्ट्रेट पर फिर आत्मदाह का प्रयास, जमीन विवाद में महिला ने बेटी संग खुद पर डाला तेल
बरेली। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को एक बार फिर आत्मदाह के प्रयास की घटना से हड़कंप मच गया। सुबह लगभग 10:47 बजे एक पीड़ित महिला कमलेश ने अपनी जवान पुत्री के साथ खुद पर तेल डाल लिया। महिला के ऐसा करते ही सुरक्षा में तैनात इंटेलिजेंस सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह और एलआईयू के अमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया। एलआईयू के अमित कुमार समेत महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस पीड़ित परिवार को अपने साथ थाने ले गई और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बताया गया कि कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर चिकिटिया निवासी कमलेश पत्नी नरेश पाल सिंह ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। महिला के मुताबिक ग्राम मानपुर चिकिटिया में गाटा संख्या-139 में उसकी करीब चार बिस्वा जमीन है। आरोप है कि उसके जेठ राजवीर सिंह पुत्र मथुरा सिंह और उनके परिवार के लोग जमीन पर बुनियाद भरवा रहे थे।
कमलेश के अनुसार, 14 जून की सुबह करीब सात बजे वह अपनी जमीन पर पहुंची तो राजवीर सिंह, उनकी पत्नी राजेश्वरी और परिवार के अन्य सदस्य वहां निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट पर आमादा होने का आरोप है। महिला ने 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति मानसिक रूप से परेशान रहते हैं और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसने जमीन पर कब्जा रोकने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा जेठ-जेठानी समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्ट्रेट परिसर में लगातार ऐसी घटनाओं के प्रयास सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। सवाल यह है कि कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर में आत्मदाह की घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त अग्निशमन और बचाव उपकरण उपलब्ध क्यों नहीं हैं। यदि कप्तान कार्यालय में फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहती है तो कलेक्ट्रेट परिसर में ऐसी आपात स्थिति के लिए तत्काल बचाव के इंतजाम क्यों नहीं किए गए हैं? साथ ही यह भी जांच का विषय है कि आखिर पीड़ितों को अपनी बात रखने के लिए आत्मदाह जैसे कदम उठाने की नौबत क्यों आ रही है।















































































