बरेली। पंजाबी सेवा कल्याण समिति की ओर से रविवार को तीज उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य किट्टी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्षा इंदु सेठी एवं संरक्षिका मधुर वीणा ने भगवान शिव-पार्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान तीज उत्सव के साथ स्वतंत्रता दिवस और इंदु सेठी का जन्मोत्सव भी हर्षोल्लास एवं पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में मनाया गया।समारोह में तीज, स्वतंत्रता दिवस एवं जन्मोत्सव की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। महिलाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न मनोरंजक खेलों और आकर्षक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन गीता छावड़ा ने किया। वहीं सुगंधा खुराना, मोनिका आहूजा एवं कनिका कपूर ने बेहतर समन्वय और कुशल प्रबंधन के साथ आयोजन को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।समारोह का विशेष आकर्षण महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहल रही। समिति की अध्यक्षा इंदु सेठी ने घर से कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रोशिया से निर्मित हस्तशिल्प उत्पाद उपहार स्वरूप भेंट किए। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और अपने हुनर को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन श्रुति गंगवार ने समिति के सामाजिक कार्यों और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही सामाजिक रूप से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में समिति की महामंत्री नीलम बत्रा सहित नमिता, अनीता, मीना रोड़ा, सोनिका आहूजा, तान्या दुसेजा, रीता दुसेजा, शिवाली अरोड़ा समेत अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं। सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया। अंत में इंदु सेठी ने अतिथियों एवं सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता में सभी के सहयोग की सराहना की।