बरेली। श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की कामिका एकादशी पर रविवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार और श्याम गुणगान किया गया। कलकत्ता और बेंगलुरु से मंगाए गए फूलों से बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया। श्रृंगार सेवा पुणे, महाराष्ट्र की खुशी सक्सेना की ओर से की गई। बाबा श्याम के मनमोहक दरबार के दर्शन के लिए सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि कामिका एकादशी पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या का शुभारंभ मोहन दीवाना ने किया। मारुति शर्मा, शिवम शर्मा, सोनल चंचल, मोहन दीवाना, अमरीश कटेरिया और आनंद ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण भक्तिमय कर दिया। ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ भजन पर श्रद्धालु जमकर झूमे। आरगन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन और पैड पर अंकुर कश्यप ने संगत दी, जबकि साउंड व्यवस्था बिपिन कश्यप ने संभाली। गुरु गणेश एवं सरस्वती वंदना के साथ बाबा श्याम का गुणगान हुआ। इस मौके पर राजेश कुमार सक्सेना, सुरेखा सक्सेना, अनुपम टीबड़ेवाल, धर्मेंद्र सिंह तोमर, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, गौरव अरोड़ा, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, अंकुर गुप्ता, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।