बरेली। सावन के दूसरे सोमवार को धोपेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। हजारों की संख्या में पहुंचे कांवरियों और शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के दूसरे सोमवार को लेकर मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कांवड़ लेकर पहुंचे शिव भक्तों ने पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, दूध, दही और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की।भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सिविल डिफेंस, स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्थाएं संभालीं। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया गया, जिससे जलाभिषेक सुचारु रूप से चलता रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।