बरेली। बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट (रजि.) नाथ नगरी बरेली धाम की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को रामानुज दयाल सरस्वती शिशु मंदिर, रामपुर गार्डन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई।ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल और महामंत्री अनुराग अग्रवाल ने बताया कि 10 अगस्त, सोमवार को सावन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर शाम चार बजे श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से बाबा महाकाल चांदी की पालकी पर आरूढ़ होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। बाबा महाकाल बारह ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप, पूर्ण वैभव और आयुधों के साथ भक्तों को दर्शन देंगे। यात्रा में काशी के कोतवाल भगवान कालभैरवनाथ और मां अन्नपूर्णा भी रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि पालकी यात्रा निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगी। यात्रा श्यामगंज से साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बांस मंडी, सिकलापुर रोडवेज चौकी चौराहा, संजय कम्युनिटी हॉल, कालीबाड़ी होते हुए श्यामगंज मंदिर पहुंचकर विश्राम करेगी। पटेल चौक से बरेली कॉलेज गेट तक विभिन्न आकर्षक झांकियों का आयोजन भी किया जाएगा। प्रेसवार्ता में मुकुल अग्रवाल, पंकज दत्त, प्रसून सिंह, अमित भारद्वाज और अमित मिश्रा मौजूद रहे।