बरेली। तीन दिवसीय उर्स-ए-आला हजरत के शांतिपूर्ण समापन के बाद देश-विदेश से आए जायरीनों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने और किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शनिवार को संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अमले के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जायरीनों और आमजन को सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। डीएम और एसएसपी ने इस्लामिया ग्राउंड, दरगाह मार्ग, बिहारीपुर चौकी, इस्लामिया मार्केट, पटेल चौक सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जायरीनों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें सुरक्षित रवानगी का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि उर्स के दौरान जायरीनों और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। अब जायरीनों की सुरक्षित वापसी के लिए भी पुलिस-प्रशासन लगातार क्षेत्र में भ्रमण और निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। पैदल गश्त में एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।