बदायूं, जिला ओलंपिक संघ बदायूं की ओर से शनिवार को बदायूं क्लब में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपमाला गोयल के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया गया।समारोह में बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र गंगवार को सम्मानित किया गया। धर्मेंद्र गंगवार भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके प्रशिक्षण में एचपी इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी ने नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ की ओर से धर्मेंद्र गंगवार को मोमेंटो, बुके एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।वहीं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वोंडो खिलाड़ी एवं कोच अजय पाल सिंह को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने नेपाल के काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड ताइक्वोंडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया। जिला ओलंपिक संघ की ओर से उन्हें मोमेंटो प्रदान कर एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आचार्य राजन मेहंदीरत्ता, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपमाला गोयल, कोच नेहा बी, क्रिकेट खिलाड़ी किट्टू वीर, अकील अहमद, डॉ. कृष्णा, कोच इकबाल अहमद, कुनाल, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वोंडो खिलाड़ी ललित यादव, अक्षरा, अलीदा, राग रस्तोगी तथा योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल सहित अन्य खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।कार्यक्रम में खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी जिले और देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।