रोटरी क्लब ऑफ बदायूँ गोल्ड के अनिल कुमार गुप्ता बने अध्यक्ष, प्रमोद शर्मा दूसरी बार सचिव बने
बदायूँ। रोटरी क्लब ऑफ बदायूँ गोल्ड के सत्र 2026-27 का बहुप्रतीक्षित इंस्टॉलेशन सेरेमनी समारोह बुधवार देर रात शहर के एक होटल में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में क्लब की नई कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पूर्व अध्यक्ष सुरजीव गुप्ता ने नव निर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा। वहीं क्लब ट्रेनर डॉ. संजीव गुप्ता ने प्रमोद शर्मा को कॉलर पहनाकर लगातार दूसरी बार सचिव पद की जिम्मेदारी दिलाई। नव निर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने सुरजीत गुप्ता को रोटरी पिन लगाकर कोषाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा।
पदभार ग्रहण के उपरांत रोटरी क्लब ऑफ बदायूँ गोल्ड के नए सत्र की प्रथम आधिकारिक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नव नियुक्त अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने की तथा संचालन सचिव प्रमोद शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी प्रार्थना एवं राष्ट्रगान से हुआ।इसके बाद अध्यक्ष ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए क्लब के गौरवशाली इतिहास, सेवा कार्यों तथा सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।समारोह में क्लब से जुड़े नए सदस्यों का रोटरी पिन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में सेवा, मित्रता और सामाजिक दायित्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. शरद शंखधार ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि विश्वव्यापी सेवा आंदोलन है, जिसने मानवता की सेवा को अपना धर्म बनाया है। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन सरकारी योजनाओं के साथ-साथ ऐसे सेवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यदि प्रत्येक सदस्य एक जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प ले, तो पूरा समाज बदल सकता है। उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “सेवा ही सर्वोपरि” है और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान भी है।क्लब ट्रेनर डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि क्लब का नया सत्र समाज हित के कार्यों को समर्पित रहेगा। उन्होंने बताया कि वर्षभर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, व्यापक पौधरोपण अभियान, गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रोटरी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाना है और क्लब उसी दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
नव अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि उनके लिए अध्यक्ष पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। सभी सदस्यों के सहयोग, अनुभव और टीम भावना के बल पर इस सत्र को सेवा कार्यों की दृष्टि से यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक सदस्य से अधिकाधिक सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।सचिव प्रमोद शर्मा ने कहा कि दूसरी बार सचिव के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पूरे वर्ष क्लब की सभी गतिविधियां योजनाबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएंगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर गति दी जाएगी। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं सदस्यों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जहां सभी ने एक-दूसरे को नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर गोपाल रस्तोगी, अमित वैश्य, पवन शर्मा, राजेश गुप्ता, राममोहन अग्रवाल, डॉ. गोपाल वैश्य, जितेंद्र महाजन, डॉ. कौशल गुप्ता, डॉ. राहुल गोयल, डॉ. मोहित शर्मा, मनोज मसीह, मुकेश गुप्ता, नितिन शर्मा, सिद्धार्थ वर्मा, डॉ. तोशिंदर सिंह, देवेंद्र गुप्ता, संजीव सक्सेना, डॉ. वैभव गुप्ता सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।















































































