बरेली। 21वीं वाहिनी एनसीसी, बरेली का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सोमवार को राजश्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, रिठौरा में शुरू हुआ। शिविर में बरेली समूह मुख्यालय की विभिन्न एनसीसी बटालियनों के लगभग 600 बालक एवं बालिका कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। कैंप कमांडेंट कर्नल होशियार सिंह ने उद्घाटन अवसर पर कैडेटों को एकता और अनुशासन का संदेश देते हुए कहा कि शिविर में मिलने वाले प्रशिक्षण को जीवन में अपनाकर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इसी शिविर के माध्यम से थल सैनिक कैंप के लिए समूह मुख्यालय, बरेली की टीम का चयन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को ड्रिल, मैप रीडिंग, फायरिंग, हेल्थ एंड हाइजीन, बाधा दौड़, युद्ध कौशल तथा नेतृत्व विकास सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल संजय नायर ने बताया कि शिविर में 21वीं वाहिनी से जुड़े विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के एनसीसी कैडेटों के साथ समूह मुख्यालय, बरेली की सभी बटालियनों के कैडेट भी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर सूबेदार मेजर प्रवीण कुमार, लेफ्टिनेंट रतनलाल, लेफ्टिनेंट नेत्रपाल सिंह, लेफ्टिनेंट पारुल जैन, लेफ्टिनेंट अपर्णा यादव, प्रथम अधिकारी अजय सिंह, द्वितीय अधिकारी शंभूनाथ, सूबेदार लक्ष्मण, सूबेदार गोविंद सिंह, ईएसएम उम्मेद सिंह, बीएचएम नरपत बिश्नोई, मनोज गंगवार, हवलदार हर सिंह, हवलदार मुकेश कुमार एवं हवलदार संजय धाबी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।