बरेली। एनसीसी निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में वित्तीय प्रबंधन एवं सेवा-निवृत्ति संबंधी कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए वित्तीय प्रबंधन एवं प्रशिक्षण तथा अनुसंधान संस्थान (IFTMR), इंदिरा नगर, लखनऊ में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में निदेशालय के अंतर्गत आने वाले 11 एनसीसी समूह मुख्यालयों तथा 105 एनसीसी वाहिनियों से चयनित 30 वरिष्ठ सहायकों ने भाग लिया। बरेली का प्रतिनिधित्व एनसीसी समूह मुख्यालय के वरिष्ठ सहायक जगपाल सिंह भाटी ने किया। श्री भाटी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय प्रबंधन, सरकारी वित्तीय नियमों और सेवा-निवृत्ति संबंधी प्रक्रियाओं की विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाना तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना था। संस्थान में प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर बरेली लौटने पर एनसीसी समूह मुख्यालय, बरेली की समूह कमांडर सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जगपाल सिंह भाटी का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।