बरेली। मार्निंग वॉकर्स एवं योगा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मॉडल टाउन स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के 21 पौधे रोपे गए और उपस्थित लोगों ने उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्य भूषण डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला हैं और इन्हें धरती के “हरे फेफड़े” कहा जाता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना तथा उनकी नियमित देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप सक्सेना ने की। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं। वे हमें फल, फूल, औषधियां, इमारती लकड़ी और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। मानव और प्रकृति का अस्तित्व एक-दूसरे पर निर्भर है, इसलिए हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह को ‘वृक्ष मित्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा और अध्यक्ष प्रदीप सक्सेना ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनुराग खट्टर, पिंकी कपूर, मनमीत सिंह, सचिन गुलाटी, राजवीर और महेंद्र पाल राही का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में अनुराग खट्टर ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।