पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जनपदवासियों से पौधारोपण के साथ पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
बदायूँ। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को पुलिस लाइन परिसर में जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। आज लगाया गया पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं, वर्षा चक्र को संतुलित बनाए रखते हैं तथा जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, तापमान में वृद्धि और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने में सहायक सिद्ध होते हैं। अधिकारियों ने कहा कि जब समाज, प्रशासन, विद्यार्थी, किसान और जनप्रतिनिधि मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे, तभी हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत का सपना साकार होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। जनपद पुलिस ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।